लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा देने जा रहीं दो महिला अभ्यर्थियों के साथ रेप की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ऑटो चालक को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पैर में गोली लगने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, लखीमपुर खीरी की रहने वाली दो युवतियां रायबरेली में आयोजित सिपाही भर्ती परीक्षा देने के लिए लखनऊ पहुंची थीं। सोमवार तड़के दोनों चारबाग रेलवे स्टेशन से आलमबाग बस अड्डे जाने के लिए ऑटो में बैठीं। आरोप है कि ऑटो चालक उन्हें सुनसान इलाके में ले गया और जबरन दुष्कर्म का प्रयास किया।
हालांकि दोनों युवतियों ने साहस का परिचय देते हुए आरोपी का डटकर विरोध किया। एक युवती ने आरोपी को धक्का दिया, जबकि दूसरी ने उसकी उंगली दांत से काट ली और शोर मचा दिया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक राहगीर को देखकर आरोपी मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों अभ्यर्थियों को सुरक्षित रायबरेली परीक्षा देने भेजा। परीक्षा से लौटने के बाद पीड़िताओं की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान हरदोई निवासी हसीब के रूप में की। देर रात मुन्नू खेड़ा पुलिया के पास घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी वर्ष 2024 में हरदोई के संडीला क्षेत्र में इसी तरह के एक दुष्कर्म मामले में जेल जा चुका है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच कर रही है।
महिला सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वहीं, दोनों युवतियों के साहस की भी हर ओर सराहना की जा रही है।
नोट: इस समाचार में वर्णित आरोप संबंधित पक्षों के बयान एवं पुलिस रिकॉर्ड पर आधारित हैं। मामले का अंतिम निर्णय माननीय न्यायालय द्वारा किया जाएगा।
