NICa news

Subscribe
वाराणसी में जिला जज की कुर्सी पर बैठी महिला, बोली- आज मैं सुनवाई करूंगी; पुलिस ने हिरासत में लिया

वाराणसी। वाराणसी जिला अदालत में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला जिला जज की कुर्सी पर जाकर बैठ गई और अदालत की कार्यवाही संचालित करने लगी। महिला ने टेबल पर रखा हैमर बजाते हुए जोर-जोर से "ऑर्डर-ऑर्डर" कहा और वकीलों से बोली कि आज वह ही सुनवाई करेंगी।

जानकारी के अनुसार, शिवपुर निवासी बुज गुप्ता की पत्नी वंदना गुप्ता (50) सुबह करीब 9 बजे जिला न्यायालय पहुंचीं। उन्होंने पहले जिला जज के आने का समय पूछा और फिर सीधे कोर्ट रूम में जाकर जिला जज की डायस पर चढ़कर कुर्सी पर बैठ गईं।

कुर्सी पर बैठते ही वंदना गुप्ता ने हैमर उठाकर टेबल पर पटकना शुरू कर दिया और कहा, "गवाह और सबूत पेश करिए। आज सारे मामलों की सुनवाई मैं करूंगी। जो भी काम हो, मुझे बताया जाए।"

अचानक हुए इस घटनाक्रम से कोर्ट रूम में मौजूद वकील हैरान रह गए। कुछ वकीलों ने महिला का वीडियो बनाना शुरू किया, जिस पर वह भड़क गईं। वकीलों ने उन्हें समझाकर नीचे उतरने को कहा, लेकिन उन्होंने मना कर दिया और कुर्सी पर बैठी रहीं।

सूचना मिलने पर महिला पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचीं और काफी समझाने के बाद वंदना गुप्ता को जज की कुर्सी से नीचे उतारा गया। इसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर कैंट थाने ले जाया गया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही अपर जिला जज यजुवेंद्र विक्रम सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा। साथ ही निर्देश दिए कि संबंधित महिला को भविष्य में बिना जांच के न्यायालय परिसर में प्रवेश न दिया जाए।

वकीलों के मुताबिक, वंदना गुप्ता का न्यायालय में कोई मामला लंबित नहीं है। बताया जा रहा है कि वह पहले भी कई बार कचहरी पहुंचकर इस तरह का हंगामा कर चुकी हैं। हालांकि, उन्होंने ऐसा क्यों किया और उनकी मानसिक स्थिति कैसी है, इस बारे में पुलिस ने कहा कि जांच और पूछताछ के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

इस घटना के बाद जिला अदालत की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। न्यायालय प्रशासन ने सभी प्रवेश द्वारों पर तलाशी और सुरक्षा जांच को और सख्त करने के निर्देश दिए हैं।