NICa news

Subscribe
आगरा: एसएन मेडिकल कॉलेज में पहली बार सफल TIPS प्रक्रिया, लिवर सिरोसिस पीड़ित मरीज को मिली नई जिंदगी

आगरा। सरोजिनी नायडू (एसएन) मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशियलिटी सेंटर में पहली बार ट्रांसजुगुलर इंट्राहेपेटिक पोर्टोसिस्टमिक शंट (TIPS) प्रक्रिया सफलतापूर्वक की गई। इस जटिल चिकित्सा प्रक्रिया के माध्यम से लिवर सिरोसिस से पीड़ित 32 वर्षीय मरीज नासिर अली को राहत मिली।

इंटरवेंशनल रेडियोलॉजिस्ट डॉ. पल्लव गुप्ता के नेतृत्व में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने करीब साढ़े तीन घंटे तक चली प्रक्रिया के दौरान मरीज की गर्दन की नस के रास्ते विशेष स्टेंट स्थापित किया। इससे लिवर पर बढ़ा दबाव कम हुआ और रक्त प्रवाह को नया मार्ग मिला। सफल उपचार के बाद मरीज की स्थिति में सुधार होने पर उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

डॉ. पल्लव गुप्ता ने बताया कि TIPS प्रक्रिया उन मरीजों के लिए प्रभावी उपचार है, जिन्हें लिवर सिरोसिस के कारण बार-बार पेट में पानी भरने या भोजन नली की नसों से रक्तस्राव जैसी गंभीर समस्याएं होती हैं। इस प्रक्रिया से मरीज को राहत मिलती है और भविष्य में आवश्यकता होने पर लिवर ट्रांसप्लांट तक सुरक्षित समय भी मिल जाता है।

एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि सुपर स्पेशियलिटी सेंटर में अब अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं और जटिल बीमारियों का उपचार आगरा में ही किया जा रहा है। इससे मरीजों को दूसरे शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार, यह प्रक्रिया असाध्य रोग योजना के तहत मरीज को निःशुल्क उपलब्ध कराई गई। निजी अस्पतालों में इसी उपचार पर लगभग 10 लाख रुपये तक का खर्च आता है।