NICa news

Subscribe
माफ़ कीजिए पापा, अब मुझसे पढ़ाई नहीं हो पा रही” — प्रयागराज में एक JEE अभ्यर्थी ने वीडियो रिकॉर्ड करने के बाद प्रेस के तार से फाँसी लगाकर जान दे दी।

प्रयागराज में जॉइंट एंट्रेंस एग्जाम (JEE) की तैयारी कर रहे एक छात्र ने आत्महत्या कर ली. छात्र का शव उसके किराए के कमरे में पंखे से लटका मिला. मरने से पहले छात्र ने अपने मोबाइल फोन में एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें वह रोते हुए अपने पिता से माफी मांगता नजर आ रहा है. वीडियो में वह कहता है- "सॉरी पापा… अब मैं और नहीं पढ़ पाऊंगा."


घटना की जानकारी शनिवार सुबह उस समय हुई, जब छात्र काफी देर तक अपने कमरे से बाहर नहीं निकला. सुबह करीब 11 बजे उसके साथ रहने वाले छात्रों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. इसके बाद खिड़की से झांककर देखा गया, जहां छात्र का शव लटका हुआ दिखाई दिया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया.


मृतक की पहचान 25 वर्षीय कुलदीप विश्वकर्मा के रूप में हुई है, जो हमीरपुर जिले का रहने वाला था. वह पिछले एक साल से प्रयागराज के कर्नलगंज थाना क्षेत्र के सलोरी इलाके में रहकर JEE की तैयारी कर रहा था. कुलदीप अकेले ही किराए के कमरे में रहता था.

पुलिस के अनुसार, आसपास रहने वाले एक युवक ने सबसे पहले उसे बाहर न निकलने पर संदेह जताया और दरवाजा खटखटाया. बाद में खिड़की से देखने पर घटना का खुलासा हुआ. इसके बाद अन्य छात्रों और पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नीचे उतारकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

वहीं पुलिस जांच के दौरान कुलदीप का मोबाइल फोन खुला हुआ मिला. मोबाइल में लगभग एक मिनट का वीडियो मिला है, जिसमें वह भावुक होकर अपने माता-पिता से माफी मांगता नजर आ रहा है. पुलिस ने वीडियो की जानकारी परिजनों को दे दी है. परिजनों वीडियो को सार्वजनिक न करने का अनुरोध किया है.

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कुलदीप पर परीक्षा को लेकर अत्यधिक दबाव था या किसी अन्य कारण से वह मानसिक तनाव में था. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है. छात्र के परिजन सूचना मिलने के बाद प्रयागराज पहुंच चुके हैं. उनके पहुंचने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा.


कर्नलगंज थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि कुलदीप ने प्रेस के तार से फंदा लगाया था. शव को पोस्टमॉर्टम हाउस में सुरक्षित रखवा दिया गया है और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।