मेरठ पुलिस ने शनिवार रात को अवैध टेलीफोन एक्सचेंज का भंडाफोड़ किया है. सर्विलांस टीम और मवाना पुलिस के संयुक्त अभियान में ईदगाह पुलिया के पास से तीन आरोपियों को पकड़ा है. आरोपियों की पहचान आशिक, इस्लाम और गुफरान के रूप में हुई है. पुलिस ने इनके पास से 4 सिम बॉक्स, 200 से अधिक प्री-एक्टिवेटेड सिम कार्ड, एक लैपटॉप, वाई-फाई राउटर और मोबाइल फोन जब्त किए हैं

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने गूगल और यूट्यूब से सीखकर सिम बॉक्स फ्रॉड की जानकारी ली थी. वे फर्जी नाम-पते पर सिम कार्ड खरीदकर, सिम बॉक्स और इंटरनेट की मदद से अंतरराष्ट्रीय VOIP कॉल्स को लोकल कॉल्स में बदल देते थे. इससे कॉलर की आईडी छिप जाती थी. जिससे आरोपी इन कॉल्स का इस्तेमाल साइबर ठगी, ब्लैकमेल के लिए करते थे. आरोपियों द्वारा आम नागरिकों कों ब्लैकमेल कर ठगी का शिकार बनाया जा रहा था और भारतीय टेलीकॉम कंपनियों को भी राजस्व का नुकसान हो रहा था. एसएसपी मेरठ के निर्देश पर सर्विलांस टीम आरोपियों पर कई दिनों से नजर रख रही थी. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है.
