उत्तर प्रदेश के एटा जिले में एसडीएम कोर्ट कार्यालय में तैनात पेशकार को एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथ रिश्वते लेते हुए दबोच लिया, उसने किसान से वसीयत के मामले में 18 हजार रुपये की मांग की थी.
एटा तहसील सदर परिसर में स्थित एसडीएम कोर्ट कार्यालय में तैनात पेशकार को एंटी करप्शन टीम ने 18000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. शुक्रवार को पेशकार ने किसान से वसीयत के मामले में रुपये की मांग की थी. एंटी करप्शन थाना - अलीगढ़ प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि किसान भगवानदास की मां की वसीयत के संबंध में मामला नायाब तहसीलदार मारहरा के यहां चल रहा था. वहां से मामला एसडीएम कोर्ट में पहुंचा. पीड़ित दूसरे कोर्ट में केस को स्थानांतरित कराना चाह रहे थे जिसके लिए एसडीएम सदर के पेशकार राजकुमार ने रुपये की मांग की. मामले की जानकारी पीड़ित ने एंटी करप्शन टीम को दे दी. इसके बाद एंटी करंप्शन टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई करते हुए पेशकार राजकुमार को 18000 रुपये लेते रंगे हाथ पकड़ लिया.
