आगरा के खंदौली क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे मिली युवती की लाश की पहेली आखिरकार सुलझ गई. पुलिस ने आधुनिक तकनीक और एआई की मदद से न केवल मृतका की पहचान की, बल्कि उसके हत्यारे तक भी पहुंच गई.
आगरा जिले के खंदौली इलाके में यमुना एक्सप्रेसवे के माइन स्टोन 148 पर शुक्रवार को नाले में कंबल में लिपटा एक अज्ञात युवती का शव मिला था. चेहरे पर गंभीर चोटों के कारण शव की पहचान करनी मुश्किल थी. पुलिस ने पारंपरिक जांच के साथ-साथ एआई तकनीक का सहारा लिया. एआई से युवती का स्पष्ट चेहरा तैयार कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया गया, जिससे उसकी पहचान सोनाली के रूप में हुई. जांच में पता चला कि सोनाली मूल रूप से महोबा जिले की रहने वाली थी और बीते कई वर्षों से दिल्ली में सनी नामक युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी.
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि सनी के किसी दूसरी युवती से संबंध बन गए थे. जिसके चलते सोनाली उस पर शादी का दबाव बना रही थी. इसी तनाव के चलते सनी ने सोनाली की गला घोंटकर हत्या कर दी. हत्या के बाद शव को कंबल में लपेटकर कार में छिपाकर यमुना एक्सप्रेसवे के सुनसान हिस्से में ले जाकर नाले में फेंक दिया गया.
साइबर सेल और सर्विलांस टीम की मदद से पुलिस सनी तक पहुंची और उसे दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में यह भी सामने आया कि इस वारदात में कुछ और लोग भी शामिल हो सकते हैं. जिनकी तलाश जारी है.
