मथुरा पुलिस ने अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए एक बड़ी कामयाबी हासिल की है. जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी हुए कुल 360 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इन मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत लगभग 74 लाख रुपये से ऊपर बताई जा रही है यह उपलब्धि मथुरा पुलिस के सभी थानों की टीमों और सर्विलांस सेल की संयुक्त कार्रवाई से संभव हो पाई है.
जनपद मथुरा के एसएसपी श्लोक कुमार के मुताबिक, चोरी हुए मोबाइल फोनों को सर्विलांस टीम के माध्यम से ट्रेस करने के लिए पुलिस ने एक विशेष अभियान चलाया. तकनीकी साधनों की मदद से इनकी लोकेशन का पता लगाया गया और अलग-अलग स्थानों से इन्हें बरामद किया गया. बरामद किए गए मोबाइल फोन उनके स्वामियों को लौटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. पुलिस ने इन मोबाइल फोनों की पहचान कर उन्हें सही लोगों तक पहुँचाने की तैयारी कर ली है. जिन लोगों के फोन चोरी हो गए थे और वे महीनों से परेशान थे, उनके चेहरे अब खुशी से खिल उठे.

इस सफलता में सर्विलांस टीम की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही. टीम ने चोरी के फोनों की तकनीकी लोकेशन ट्रेस कर उन्हें बरामद करने में अहम योगदान दिया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसे अभियान भविष्य में भी लगातार चलाए जाएंगे ताकि अपराधियों को सबक सिखाया जा सके और आम जनता को राहत दी जा सके.
