पीलीभीत की रहने वाली एक महिला ने बागपत में तैनात अपने सिपाही पति पर दहेज में पांच लाख की मांग करने, दूसरी शादी करने, विरोध पर मारपीट करने और गर्भपात कराने का आरोप लगाया है. पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है.
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 25 जनवरी 2020 को सत्यजीत निवासी ग्राम मुरादाबाद थाना सिकंदराबाद ( बुलंदशहर ) के साथ हुई थी. सत्यजीत सिंह यूपी पुलिस में है. वर्तमान में उसकी तैनाती बागपत रिजर्व पुलिस लाईन में चल रही है. महिला ने बताया कि उसकी शादी देहरादून में हुई थी क्योंकि वह उस समय देहरादून में ही नौकरी कर रही थी. शादी के बाद से ही सत्यजीत और उसके घर वाले पांच लाख रुपये दहेज की मांग कर रहे है. सत्यजीत पर किसी अन्य महिला के साथ सम्बन्ध होने में भी बात चल रही है, उसके बाद भी वहसत्यजीत का साथ देती आ रही है.
उसने कहा कि शादी के बाद जब-जब उसने सत्यजीत से अपने घर ले जाने को कहा तो वह कोई न कोई बहाना बनाकर टालता रहा. महिला ने बताया कि बीच-बीच में सत्यजीत होटल ले जाकर लगातार शारीरिक संबंध बनाता रहा. आरोपी पति ने उसके साथ पिटाई की, उसका गर्भपात भी हो गया. आरोप है कि सिपाही पति के किसी अन्य महिला के साथ सम्बन्ध है और शादी भी कर ली है और दोनों पीलीभीत में रह रहे है. पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है.
वहीं एसपी, बागपत, सूरज कुमार राय ने बताया है की महिला की तहरीर पर बागपत कोतवाली में सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. आरोप सही पाए जाने पर सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. वहीं आरोपी सिपाही के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है.
